सीमा लांघने वाले स्टैंड-अप कॉमेडियन को सबक सिखाया जाना चाहिए : शिवसेना विधायक

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-06-2026
Stand-up comedians who cross the line should be taught a lesson: Shiv Sena MLA
Stand-up comedians who cross the line should be taught a lesson: Shiv Sena MLA

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने शनिवार को आरोप लगाया कि स्टैंड-अप कॉमेडियन अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर सारी हदें पार कर रहे हैं और उन्हें सबक सिखाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह राज्य विधानसभा के आगामी मॉनसून सत्र में ऐसी हरकतों के खिलाफ एक प्रस्ताव पेश करेंगी।
 
उनका यह बयान कॉमेडियन प्रणीत मोरे, वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा और अन्य लोगों से जुड़े उस विवाद के बीच आया है, जो एक कॉमेडी शो के दौरान की गई टिप्पणियों को लेकर हुआ था। इन टिप्पणियों में महिलाओं के साथ कथित तौर पर जबरदस्ती और बिना सहमति के किए जाने वाले व्यवहार को सही ठहराया गया था, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
 
कायंदे ने कहा, “ऐसे स्टैंड-अप कॉमेडियन को सबक सिखाया जाना चाहिए। वे सारी हदें पार कर रहे हैं और किसी का भी मजाक उड़ा रहे हैं। वे जो चाहें, कह देते हैं। मैं आने वाले मॉनसून सत्र में ऐसी हरकतों के खिलाफ एक प्रस्ताव लाऊंगी।”
 
स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के पैरोडी गाने से हुए विवाद का ज़िक्र करते हुए शिवसेना की विधान परिषद सदस्य ने कहा, “वे किसी का भी मज़ाक उड़ाकर पैसे कमाते हैं। अभिव्यक्ति की आज़ादी की आड़ में वे जो चाहें, कह देते हैं। महाराष्ट्र में इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
 
एक दिन पहले, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि स्टैंड-अप कॉमेडियन को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि उनकी अभिव्यक्ति की आजादी किसी दूसरे व्यक्ति के सम्मान के अधिकार का उल्लंघन न करे।