प्रधानमंत्री मोदी पर राउत की टिप्पणी से विपक्ष की हताशा नए स्तर पर पहुंची : भाजपा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-06-2026
Opposition's frustration reaches new level after Raut's remarks on PM Modi: BJP
Opposition's frustration reaches new level after Raut's remarks on PM Modi: BJP

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘अघोरी’ कहे जाने पर शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत पर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि विपक्ष की हताशा अब एक नए स्तर पर पहुंच गई है।

भाजपा ने आरोप लगाया कि राउत ने न केवल प्रधानमंत्री मोदी का अपमान किया, बल्कि यह कहकर गुजरात का भी अपमान किया कि प्रधानमंत्री ‘औरंगजेब की धरती’ से आते हैं।
 
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता राउत ने पुणे में संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि उन्होंने राजनीति में प्रधानमंत्री मोदी जैसा ‘अघोरी’ और क्रूर व्यक्ति कभी नहीं देखा तथा प्रधानमंत्री का संपूर्ण व्यक्तित्व भय पैदा करता है। राउत ने कहा कि मोदी उसी मिट्टी से आते हैं, जहां औरंगजेब का जन्म हुआ था।
 
राउत की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि विपक्ष ‘‘हताशा के नए स्तर’’ पर पहुंच गया है और अब वह केवल मोदी ही नहीं, बल्कि पूरे गुजरात को निशाना बना रहा है।
 
पूनावाला ने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘‘ विपक्ष की हताशा अब नए स्तर पर पहुंच गई है और अब वे केवल प्रधानमंत्री मोदी तथा एक संवैधानिक पद का ही अपमान नहीं कर रहे, बल्कि पूरे गुजरात राज्य का भी अपमान कर रहे हैं।’’
 
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अतीत में भी मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं और राजनीतिक हताशा के कारण ऐसा लगातार कर रहे हैं।
 
पूनावाला ने कहा, ‘‘कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने सारी सीमाएं लांघ दी हैं। राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अनेक आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर चुके हैं। प्रधानमंत्री के लिए 150 से अधिक अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया जा चुका है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘अब कांग्रेस के सहयोगी संजय राउत ने प्रधानमंत्री के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने इससे भी आगे बढ़कर गुजरात को औरंगजेब की धरती बताया है। इससे उनकी मानसिकता उजागर होती है।’’
 
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के पास प्रधानमंत्री की आलोचना के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे अपमानजनक भाषा का सहारा लेते हैं।