वैश्विक प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में उभर रहा है गुजरात: भूपेंद्र पटेल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-06-2026
Gujarat is emerging as a global technology hub: Bhupendra Patel
Gujarat is emerging as a global technology hub: Bhupendra Patel

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को कहा कि राज्य नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रौद्योगिकी के एक प्रमुख वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है।
 
पटेल ने गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी में हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज के नए आपूर्ति केंद्र का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही।
 
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह केंद्र गुजरात के प्रौद्योगिकी परिवेश को और मजबूत करेगा तथा कृत्रिम मेधा (एआई), क्लाउड और डिजिटल बदलाव जैसे क्षेत्रों में राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए उच्च कौशल वाले रोजगार के अवसर सृजित करेगा।”
 
मुख्यमंत्री ने कहा, “गुजरात नवाचार को बढ़ावा देने और वैश्विक प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में उभरने के लिए प्रतिबद्ध है। कौशल विकास और शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रति हेक्सावेयर की प्रतिबद्धता देखकर खुशी हुई।”
 
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, यह केंद्र गिफ्ट सिटी स्थित प्रज्ञा-द्वितीय भवन की सातवीं और आठवीं मंजिल पर स्थापित किया गया है। इसे गुजरात के प्रौद्योगिकी परिवेश में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
 
हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, स्वास्थ्य सेवा, बीमा, विनिर्माण, खुदरा कारोबार, यात्रा और परिवहन समेत विभिन्न क्षेत्रों को डिजिटल एवं प्रौद्योगिकी सेवाएं उपलब्ध कराती है।