आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सुरक्षा एवं सुविधा प्रबंधन सेवाएं प्रदान करने वाली एसआईएस लिमिटेड ने अपने शेयरधारकों के लिए 120 करोड़ रुपये तक के शेयर पुनर्खरीद कार्यक्रम की घोषणा की है। वर्ष 2017 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद यह कंपनी का पांचवीं पुनर्खरीद होगी।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने सैद्धांतिक रूप से 120 करोड़ रुपये तक के शेयर वापस खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के तहत कंपनी अधिकतम 478.50 रुपये प्रति इक्विटी शेयर की कीमत पर शेयर वापस खरीदेगी। यह मूल्य 25 जून, 2026 के बंद भाव से 10 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी के अनुसार, इस योजना के तहत लगभग 25 लाख शेयर वापस खरीदे जा सकते हैं। हालांकि, पुनर्खरीद मूल्य और अन्य कारकों के आधार पर शेयरों की अंतिम संख्या में बदलाव संभव है।
एसआईएस ने कहा कि यह पुनर्खरीद नियामकीय और शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है। इसके पूरा होने के बाद वर्ष 2017 में सूचीबद्ध होने से अब तक कंपनी द्वारा लाभांश और पुनर्खरीद के माध्यम से शेयरधारकों को लौटाई गई कुल पूंजी लगभग 720 करोड़ रुपये हो जाएगी।