Shiv Sena (Ubatha) leader's murder: Son accuses former Thane mayor and her husband of conspiracy
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिवसेना (उबाठा) नेता प्रदीप पूर्णेकर की यहां गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में उनके 26 वर्षीय बेटे राम पूर्णेकर ने पुलिस को दिए बयान में शहर की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने हत्या के सिलसिले में एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार किया है और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है। घटना के बाद ठाणे में विरोध प्रदर्शन हुए थे।
बुधवार को शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत और आदित्य ठाकरे भी कपूरबावड़ी पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन में शामिल हुए। इसके बाद पुलिस ने राम पूर्णेकर का विस्तृत बयान दर्ज किया।
राम ने अपने बयान में आरोप लगाया कि उनके पिता को ठाणे की पूर्व महापौर एवं शिवसेना नेता मीनाक्षी शिंदे तथा उनके पति राजेंद्र शिंदे ने निशाना बनाने की साजिश रची थी।
पुलिस ने शिवसेना (उबाठा) के ‘विभाग प्रमुख’ पर मंगलवार रात घोड़बंदर रोड के पास जानलेवा हमला किए जाने के बाद भारतीय न्याय संहिता और हथियार अधिनियम के तहत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
आरोपियों में पप्या शिंदे, जो पूर्णेकर का पूर्व सहयोगी बताया जा रहा है, संतोष कनोजिया उर्फ टल्ली, निखिल यादव उर्फ शूटर और दो अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।