Self-enumeration exercise begins in West Bengal as part of the country's 16th Census
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
देश की 16वीं जनगणना का स्व-गणना अभ्यास शनिवार को पश्चिम बंगाल में शुरू हो गया और पहले ही दिन मुख्यमंत्री शुभेदु अधिकारी ने डिजिटल माध्यम से अपना फॉर्म भरा।
इस जनसंख्या सर्वेक्षण के पहले चरण के तहत पोर्टल एक अगस्त से 15 अगस्त तक खुला रहेगा, जिसके दौरान लोग आधिकारिक वेबसाइट पर अपना विवरण अपलोड कर सकते हैं।
इसके बाद 16 अगस्त से 14 सितंबर तक मकानों की सूची बनाने का कार्य किया जाएगा।
इस अभ्यास को देश की पहली ‘‘शत प्रतिशत डिजिटल’’ जनगणना बताते हुए शुभेंदु ने पश्चिम बंगाल के लोगों से इस सर्वेक्षण में भाग लेने और अधिकारियों का सहयोग करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पश्चिम बंगाल के प्रत्येक व्यक्ति से आग्रह करता हूं कि वे इस प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों का सहयोग करें और इस जनगणना में स्व-गणना के माध्यम से भाग लें।’’
गोपनीयता संबंधी चिंताओं को दूर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना ‘‘पूर्णतः गोपनीय’’ है और इसे कानूनी संरक्षण प्राप्त है।
शुभेंदु ने कहा, ‘‘एकत्र किए गए डेटा का उपयोग केवल सांख्यिकी, नियोजन और विकास के लिए किया जाएगा। इस जनगणना में व्यक्तिगत जानकारी के किसी भी प्रकार के दुरुपयोग की कोई गुंजाइश नहीं है।’’