आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक गुरुद्वारे के भीतर कृपाण से किए गए हमले में घायल हुए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की लगभग 90 मिनट तक सर्जरी हुई और अब उनकी हालत स्थिर है। उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
वहीं, बादल की पत्नी एवं सांसद हरसिमरत कौर बादल ने शिअद प्रमुख पर हुए हमले के बाद उनके परिवार को इस ‘‘मुश्किल घड़ी’’ में समर्थन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का शुक्रवार को आभार व्यक्त किया।
एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री को आज अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी और दोपहर में उन्हें हवाई मार्ग से पंजाब ले जाया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के बाहरी इलाके में स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी मुगट के अंदर बृहस्पतिवार को एक निहंग ने बादल पर हमला कर दिया था।
इस घटना के वीडियो में बादल को दाहिने हाथ पर कपड़ा लपेटे अस्पताल की इमारत के भीतर जाते देखा जा सकता है। इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर भी बादल पर जानलेवा हमला हुआ था जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि उन्हें तुरंत यहां यशोसाई अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन किया।
अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया, ‘‘सर्जरी डेढ़ घंटे तक चली। उनको अंदरूनी चोट लगी है और किसी नुकीली चीज से गहरा घाव का निशान है। अंदरूनी चोट का उपचार किया गया है। प्लास्टिक सर्जन ने उनकी अल्नर धमनी तंत्रिका का भी उपचार किया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।’’
उन्होंने बताया कि शिअद प्रमुख को आज अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।