प्रधानमंत्री राजस्थान में देश की पहली एकीकृत रिफाइनरी-पेट्रोरसायन परियोजना का उद्घाटन करेंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-04-2026
PM to inaugurate country's first integrated refinery-petrochemical project in Rajasthan
PM to inaugurate country's first integrated refinery-petrochemical project in Rajasthan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को राजस्थान जाएंगे। अपनी यात्रा के दौरान वह बालोतरा के पचपदरा में स्थित भारत के पहले नए एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोरसायन परिसर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
 
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि 79,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली यह ऐतिहासिक परियोजना भारत के ऊर्जा और पेट्रोरसायन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
 
इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
 
यह 90 लाख टन सालाना क्षमता वाली रिफाइनरी एवं पेट्रोरसायन परियोजना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित की गई है।
 
यह अत्याधुनिक संयंत्र तेल शोधन और पेट्रोरसायन उत्पादन को एक साथ जोड़ता है, जिसकी पेट्रोरसायन उत्पादन क्षमता 24 लाख टन प्रति वर्ष है। इस रिफाइनरी का नेल्सन जटिलता सूचकांक 17.0 है और पेट्रोरसायन उत्पादन का हिस्सा 26 प्रतिशत से अधिक है, जो वैश्विक मानकों के अनुरूप है।
 
यह परियोजना भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, पेट्रोरसायन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और औद्योगिक विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।