नई दिल्ली/मिर्जापुर, 2 अक्टूबर 2025
हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के महारथी और पद्म विभूषण से सम्मानित गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र का आज सुबह निधन हो गया। वे 89 वर्ष के थे। उनका निधन गुरुवार तड़के लगभग चार बजे मिर्जापुर में हुआ, जहां वे अपनी सबसे छोटी बेटी के साथ रह रहे थे।
परिवार के अनुसार, पंडित जी पिछले कई सप्ताह से उम्रजनित बीमारियों से जूझ रहे थे और 17-18 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनकी बेटी नम्रता मिश्र ने समाचार एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो रहा था और आज तड़के उनका घर पर ही शांतिपूर्वक निधन हो गया।
पंडित छन्नूलाल मिश्र भारतीय शास्त्रीय गायन की बनारस घराने की परंपरा के प्रतिष्ठित गायक थे। भजन, ठुमरी, दादरा, कजरी और छठी जैसे लोक संगीत को उन्होंने वैश्विक मंचों तक पहुंचाया। संगीत जगत में उन्हें ‘संगीत सम्राट’ के रूप में जाना जाता था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंडित जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा,"सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे जीवनभर भारतीय कला और संस्कृति के संवर्धन में लगे रहे। उनका आशीर्वाद मुझे सदैव मिलता रहा। वर्ष 2014 में वे वाराणसी से मेरे प्रस्तावक भी रहे थे। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। ओम शांति!"
पंडित छन्नूलाल मिश्र के परिवार में तीन बेटियाँ और एक पुत्र हैं। उनके पुत्र रामकुमार मिश्र स्वयं एक प्रतिष्ठित तबला वादक हैं। उनकी पत्नी का निधन चार वर्ष पहले हो गया था।उनके निधन से भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत में एक युग का अंत हो गया है।