जम्मू के स्कूलों में बनाई जाएंगी वर्षा जल संचयन की 1,000 से अधिक प्रणालियां

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-08-2026
Over 1,000 rainwater harvesting systems to be installed in Jammu schools
Over 1,000 rainwater harvesting systems to be installed in Jammu schools

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
जल संरक्षण और सतत जल प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जम्मू नगर निगम (जेएमसी) शहर के स्कूलों में छतों पर वर्षा जल संचयन की 1,000 से अधिक प्रणालियां स्थापति करेगा। यह जानकारी शनिवार को एक अधिकारी ने दी।
 
अधिकारी ने बताया कि स्कूलों के अलावा शहर के सरकारी भवनों में भी इसी तरह की वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित की जाएगी। साथ ही, नगर निगम ने नए भवन निर्माण की अनुमति देने के लिए वर्षा जल संचयन प्रणाली को अनिवार्य करने का फैसला किया है।
 
‘जल संचय जन भागीदारी’ (जेएसजेबी) पहल के तहत देशव्यापी ‘कैच द रेन’ अभियान के अनुरूप, जम्मू नगर निगम के आयुक्त देवांश यादव ने शुक्रवार को गांधी नगर स्थित राजकीय हाईस्कूल में छत पर स्थापित वर्षा जल संचयन प्रणाली का उद्घाटन किया।
 
यादव ने कहा, ‘‘इस अभियान के तहत स्कूलों में छतों पर वर्षा जल संचयन की 1,000 से अधिक प्रणालियां स्थापित की जाएंगी। इसी प्रकार की प्रणालियां सरकारी भवनों में भी स्थापित की जाएंगी और जम्मू नगर निगम द्वारा जारी की जाने वाली सभी नयी भवन निर्माण अनुमति के लिए वर्षा जल संचयन प्रणाली अनिवार्य होगी।’’
 
उन्होंने कहा कि स्कूलों की छतों पर आने वाला वर्षा जल, जो सामान्यतः नालियों और नालों के माध्यम से बहकर व्यर्थ चला जाता है, अब विशेष रूप से तैयार पाइपलाइन के जरिए जमीन के भीतर पहुंचाया जाएगा, जिससे भूजल स्तर को पुनर्भरित करने में मदद मिलेगी।
 
अधिकारी ने बताया कि एक महीने तक संचालित होने वाले इस अभियान के दौरान जनजागरूकता कार्यक्रम, सामुदायिक सहभागिता गतिविधियां और जम्मू शहर में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न अभियान चलाए जाएंगे।