ओडिशा सरकार सुभद्रा योजना के तहत नए आवेदन स्वीकार करेगी: उपमुख्यमंत्री परिदा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-03-2026
Odisha government will accept new applications under Subhadra scheme: Deputy Chief Minister Parida
Odisha government will accept new applications under Subhadra scheme: Deputy Chief Minister Parida

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिदा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से चलाई जा रही 'सुभद्रा योजना' के तहत पात्र लाभार्थियों को शामिल करने के लिए नए आवेदन स्वीकार करेगी।
 
परिदा महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रभारी भी हैं। उन्होंने बताया कि नए आवेदन एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक सुभद्रा पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। 21 से 60 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं।
 
एक अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 17 सितंबर, 2024 को शुरू की गई इस योजना के तहत अब तक एक करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों को लाभ मिल चुका है। इन महिलाओं को पांच वर्षों तक दो किस्तों में प्रति वर्ष 10,000 रुपये मिलेंगे। इस प्रकार प्रत्येक लाभार्थी को पांच वर्षों में 50,000 रुपये प्राप्त होंगे।
 
परिदा ने स्पष्ट किया कि इस योजना में शामिल होने के लिए पहले आवेदन नहीं करने वाली महिलाएं ही आवेदन की पात्र हैं।
 
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पहले आवेदन कर चुकी महिलाओं के आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। नए आवेदन सुभद्रा पोर्टल के माध्यम से सामान्य सेवा केंद्रों (सीएससी) या अमा सेवा केंद्रों (एएसके) द्वारा पंजीकृत किए जाएंगे।
 
आवेदन पत्र सभी आंगनवाड़ी केंद्रों (एडब्ल्यूसी) और सीडीपीओ कार्यालयों में निःशुल्क उपलब्ध होंगे।
 
परिदा ने कहा कि सुभद्रा योजना राज्य में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं कि कोई भी पात्र लाभार्थी इस योजना से वंचित नहीं रह जाए।