नीट आरोपपत्र: एनटीए विशेषज्ञ की सोसाइटी के ‘एक्सेस कंट्रोल ऐप’, फोन रिकॉर्ड्स से खुली परतें

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-08-2026
NEET chargesheet: NTA expert's access control app, phone records reveal layers
NEET chargesheet: NTA expert's access control app, phone records reveal layers

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी 2026) प्रश्नपत्र लीक मामले में डिजिटल फॉरेंसिक साक्ष्यों पर आधारित केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के आरोपपत्र में पुणे की उस आवासीय सोसाइटी के ‘एक्सेस कंट्रोल ऐप’ का रिकॉर्ड भी शामिल किया गया है, जहां राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के रसायन विज्ञान विशेषज्ञ एवं आरोपी पी. वी. कुलकर्णी रहते थे।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने 28 जुलाई को यहां विशेष अदालत में 13 आरोपियों के विरुद्ध दाखिल आरोपपत्र में कुलकर्णी की सोसाइटी के ‘एक्सेस कंट्रोल ऐप’ से प्राप्त अभिलेखों का उल्लेख किया है। इनमें उन विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक विवरण भी शामिल हैं, जो कुलकर्णी द्वारा संचालित विशेष कोचिंग कक्षाओं में आते थे।
 
इस ऐप का उपयोग नियंत्रित प्रवेश वाले आवासीय परिसरों में आगंतुकों के प्रवेश और निकास का रिकॉर्ड रखने के लिए किया जाता है।
 
जांच एजेंसी ने इन अभिलेखों के आधार पर यह पुष्टि की कि अप्रैल में यानी तीन मई को आयोजित ‘नीट-यूजी 2026’ परीक्षा से कुछ दिन पहले संबंधित छात्र और उनके अभिभावक कुलकर्णी की सोसाइटी में पहुंचे थे।