Motorcycle used in Delhi's Aya Nagar gym trainer murder case recovered from Faridabad
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दक्षिण दिल्ली के आया नगर में 28 वर्षीय एक ‘जिम ट्रेनर’ की हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल हरियाणा में फरीदाबाद के तिगांव से बरामद कर ली गई है, जबकि पुलिस टीम मामले में दो संदिग्धों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि संदिग्धों की पहचान आया नगर निवासी अंकुश और रोहित उर्फ फेटू के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि माना जा रहा है कि दोनों उन चार लोगों में शामिल हैं जो सोमवार को फतेहपुर बेरी इलाके में हंसा चौक के पास दो मोटरसाइकिलों से आए थे और ‘जिम ट्रेनर’ विजय कुमार पर गोलियां चला दी थीं।
शुरुआत में पुलिस ने कहा था कि इस हत्या में दो व्यक्ति शामिल थे, लेकिन बाद में दो और लोगों के नाम सामने आए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने तिगांव से एक मोटरसाइकिल बरामद की है, जो कमल अधाना का पैतृक गांव है।
अधिकारियों के मुताबिक विजय कुमार की हत्या के सिलसिले में पुरानी रंजिश में कथित साजिशकर्ता के रूप में कमल की भूमिका की जांच की जा रही है।