आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना नदी में एक नौका के पलट जाने से 10 लोगों की मौत की घटना के एक दिन बाद शनिवार सुबह भी लापता यात्रियों की तलाश के लिए अभियान जारी रहा। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
अधिकारी के अनुसार, पांच लोग अब भी लापता हैं।
पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेष कुमार पांडेय ने कहा, ‘‘नौका को बरामद कर लिया गया है। यह हमारे लिए एक बड़ी चुनौती थी। पिछले चार घंटे से हम नौका को निकालने की कोशिश कर रहे थे, जो पलटने के बाद गहरे दलदली इलाके में फंस गई थी।’’
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने नौका को निकालने के लिए पेशेवर तरीके से काम किया।
पांडेय ने कहा, ‘‘पांच लोग अब भी लापता हैं। सभी के मिलने तक तलाश अभियान जारी रहेगा।’’
डीआईजी ने बताया, ‘‘दुर्घटना में घायल लोगों की हालत स्थिर है। शवों का पोस्टमार्टम हो चुका है और उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘घटना का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। कमियों को दूर कर बेहतर सुरक्षा मानदंड सुनिश्चित किए जाएंगे। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’