एलएंडटी को भारत की सबसे बड़े एकल संकुल एआई अवसंरचना सुविधा बनाने का ठेका मिला

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-08-2026
L&T bags contract to build India's largest single-cluster AI infrastructure facility
L&T bags contract to build India's largest single-cluster AI infrastructure facility

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) को देश की सबसे बड़ी एकल संकुल एआई अवसंरचना सुविधा बनाने के लिए 10,000-15,000 करोड़ रुपये का बड़ा ठेका मिला है।
 
इस ठेके के साथ कंपनी एआई फैक्टरी कारोबार में कदम रख रही है।
 
एलएंडटी की एआई अवसंरचना इकाई एलटीएन कंप्यूट और एलएंडटी के एआई एवं डेटा सेंटर कारोबार वायोमा.एआई के जरिये कंपनी चेन्नई स्थित अपने डेटा सेंटर परिसर में एनवीडिया बी300 आधारित एआई फैक्टरी स्थापित करेगी।
 
एलएंडटी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि एआई फैक्टरी बड़े पैमाने पर इन्फरेंस, फाइन-ट्यूनिंग और प्रशिक्षण कार्यों के लिए एआई-आधारित क्लाउड मंच को शक्ति प्रदान करेगी। इससे भारत के एआई अवसंरचना तंत्र को मजबूती मिलेगी और वैश्विक स्तर पर नवोन्मेष को समर्थन मिलेगा।
 
एलएंडटी ने ठेके की सटीक राशि का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, कंपनी के ठेका वर्गीकरण के अनुसार, ‘बड़ा ठेका’ 10,000 करोड़ रुपये से 15,000 करोड़ रुपये के बीच होता है।
 
वायोमा के चेन्नई डेटा सेंटर परिसर की परिकल्पना गीगावाट स्तर की कृत्रिम मेधा (एआई) अवसंरचना स्थल के रूप में की गई है। इसे पहले चरण में 250 मेगावाट क्षमता और 150 एमवीए की बिजली अवसंरचना के साथ तैयार किया गया है जिससे भविष्य में एआई फैक्टरी के विस्तार के लिए विस्तार योग्य आधार तैयार होगा।
 
बयान में कहा गया कि 10,000 एनवीडिया बी300 जीपीयू क्षमता वाली एकीकृत एआई फैक्टरी वायोमा के चेन्नई डेटा सेंटर में स्थापित की जाएगी।
 
एलएंडटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस. एन. सुब्रह्मण्यन ने कहा, ‘‘ एआई हर उद्योग की बुनियादी जरूरत बनता जा रहा है और एआई फैक्टरियां इस बदलाव को गति देंगी। टुगेदर एआई के लिए एनवीडिया बी300 एआई फैक्टरी की हमारी तैनाती एलएंडटी के गीगावाट एआई अवसंरचना मिशन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और अगली पीढ़ी की एआई अवसंरचना के लिए भारत को वैश्विक केंद्र बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।’’