आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले का रहने वाला छह साल का एक बच्चा पड़ोसी देश नेपाल में हाल ही में आयी विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए गुल्लक में जमा की गयी अपनी साल भर की बचत दान करने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। बच्चों के इस जज्बे की मौके पर मौजूद हर किसी ने सराहना की।
अधिकारियों ने बताया कि कुशीनगर जिले की पडरौना तहसील के बेतिया गांव का रहने वाला अल्फाज शेख हाल ही में नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही और उससे लोगों को हो रही परेशानी की तस्वीरें टीवी और सोशल मीडिया पर देखकर बहुत दुखी था।
उन्होंने बताया कि यह बच्चा गत तीन सितंबर को अपनी साल भर जमा की गयी रकम से भरी गुल्लक लेकर कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के कार्यालय पहुंचा।
अधिकारियों ने बताया कि शेख ने जिलाधिकारी को गुल्लक सौंपा और अनुरोध किया कि इस धन को राहत कोष में जमा करके नेपाल में बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचा दिया जाये।