Kerala rains destroy crops worth nearly Rs 100 crore; seeks Rs 110 crore aid from the Centre
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के कृषि मंत्री टी. सिद्दीकी ने शुक्रवार को कहा कि केरल में जारी बारिश और बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का शुरुआती अनुमान 99.29 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि राज्य ने राहत और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए केंद्र से 110 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मांगी है।
सिद्दीकी ने यहां पत्रकारों से कहा कि बृहस्पतिवार तक बारिश और बाढ़ से 36,829 किसान प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘3,264 हेक्टेयर कृषि भूमि में फसल के नुकसान की खबर है। बृहस्पतिवार शाम तक फसल के नुकसान का अनुमानित आंकड़ा 99.29 करोड़ रुपये है। यह सिर्फ शुरुआती आकलन है और जैसे-जैसे और रिपोर्ट आएंगी, इस आंकड़े के बढ़ने की उम्मीद है।’’
मंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर 110 करोड़ रुपये की तत्काल वित्तीय सहायता की मांग की है।
सिद्दीकी ने कहा, ‘‘मांगी गई मदद में फसल के नुकसान के लिए 100 करोड़ रुपये और मिट्टी की उपजाऊ क्षमता को बहाल करने, खेती दोबारा शुरू करने और किसानों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए 10 करोड़ रुपये शामिल हैं। बाढ़ के बाद एक बड़ी समस्या मिट्टी के पोषक तत्वों का नुकसान होता है, जिससे भविष्य की खेती पर असर पड़ता है। हमें कृषि भूमि को ठीक करने और किसानों को फिर से खेती शुरू करने में मदद करने के लिए तुरंत सहायता की जरूरत है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पोषक तत्वों की कमी का पता लगाने के लिए मिट्टी की जांच की सुविधाएं शुरू की जाएंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी बाढ़ प्रभावित इलाकों में मिट्टी की जांच की जाएगी और मिट्टी की उपजाऊ क्षमता को फिर से ठीक करने के उपायों को एक मिशन के तौर पर लागू किया जाएगा।’’
उन्होंने यह भी घोषणा की कि सोमवार को वित्तीय संस्थानों की एक विशेष बैठक बुलाई गई है, जिसमें सहकारी बैंक, राष्ट्रीयकृत बैंक, कृषि विभाग, वित्त विभाग और अन्य एजेंसियां शामिल होंगी।