आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को भाजपा को पंजाब और गुजरात के 1,000-1,000 सरकारी स्कूलों की तुलना करने की “खुली चुनौती” दी।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब सरकार के स्कूलों को बदनाम करने के लिए “छेड़छाड़ वाले और एआई से बनाए गए वीडियो” का इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, “मैं भाजपा को चुनौती देता हूं। आप गुजरात में 30 साल से सत्ता में हैं और हम पंजाब में साढ़े चार साल से सत्ता में हैं। मैं आपको पंजाब के 1,000 स्कूलों की सूची दूंगा और आप हमें गुजरात के 1,000 स्कूलों की सूची दें। हम साथ मिलकर इन स्कूलों का निरीक्षण करें और देखें कि कौन से स्कूल बेहतर हैं।”
उन्होंने मीडिया से भी इस पूरी कवायद को कवर करने का आग्रह किया।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित सरकारें अपने स्कूलों में सुधार करने के बजाय पंजाब के स्कूलों को बदनाम कर रही हैं।