आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने मंगलवार को कहा कि वह और उनके मंत्री आलोचनाओं से परे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आलोचनाओं को सहनशीलता के साथ स्वीकार करेगी और यदि उनमें सच्चाई होगी तो खुद में सुधार करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
हालांकि, मुख्यमंत्री ने निजी हितों के लिए उनकी सरकार को बदनाम करने के प्रयासों को खारिज करने की चेतावनी दी।
संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर लिखे एक लेख में सतीशन ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री आलोचनाओं से परे नहीं हैं तथा कोई भी सरकार की गलतियां बता सकता है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को यह लेख मीडिया के साथ साझा किया।
सतीशन ने कहा कि आलोचना में सच्चाई होने पर सरकार अपनी कमियों को दूर करने में संकोच नहीं करेगी, लेकिन सरकार की छवि खराब करने या निजी हितों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से हमला करने के प्रयासों को उचित रूप से खारिज किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मीडिया संस्थानों की मदद से एक समूह ने उनके नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार के सत्ता में तीन महीने पूरे होने से पहले ही उसे बदनाम करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोप 24 घंटे भी नहीं टिक सके और इन्हें उन्होंने ‘‘घटिया प्रचार’’ करार दिया।