आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में मंगलवार को एक खेत से ड्रोन बरामद किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चक सलारिया निवासी एक व्यक्ति को सुबह करीब पांच बजकर 50 मिनट पर सैर के दौरान देवक के पास एक कृषि क्षेत्र में यह ड्रोन पड़ा मिला।
उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति ने तुरंत इसकी सूचना पास की सेना की इकाई को दी, जिसके बाद ड्रोन को कब्जे में ले लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कहां से आया है, उसकी तकनीकी विशेषताएं क्या हैं और क्या उसका इस्तेमाल सीमा-पार की किसी गतिविधि के लिए किया गया था।
इससे पहले सोमवार रात करीब नौ बजे अरनिया की ओर से आ रही एक अज्ञात उड़ने वाली वस्तु, जिसके ड्रोन होने का संदेह था, का पास के नंदपुर गांव में तैनात सेना के जवानों ने पता लगाया था।
अधिकारियों ने बताया कि सेना ने तत्काल संदिग्ध ड्रोन के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।