आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को राम मंदिर और बुटाटी धाम से जुड़ी कथित वित्तिय अनियमितता को लेकर कांग्रेस नेताओं के बयानों का जवाब देते हुए कहा कि आस्था के केंद्रों के खिलाफ किसी भी तरह की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राठौड़ ने यहां जारी एक बयान में आरोप लगाया कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से धार्मिक स्थलों की छवि खराब करने और लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से आस्था के केंद्रों को बदनाम करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की साजिश रच रहे हैं। इसमें विदेशी ताकतों की भी भूमिका हो सकती है, जो समाज के कुछ वर्गों को गुमराह कर ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहती हैं।’’
राठौड़ ने नागौर जिले के बुटाटी धाम मामले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, ‘‘बुटाटी धाम के प्रबंधन से कांग्रेस से जुड़े लोग जुड़े रहे हैं। वहां कांग्रेस की एक पार्षद के पति अध्यक्ष हैं। ऐसे में भाजपा पर आरोप लगाने का डोटासरा का प्रयास उनकी अपनी ही पार्टी पर उल्टा पड़ गया।’’