क्या राहुल ‘बैटमैन’ हैं, कांग्रेस नेता ने दिया चुटीला जवाब

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-08-2026
Is Rahul 'Batman'? Congress leader gives a witty reply
Is Rahul 'Batman'? Congress leader gives a witty reply

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 छात्रों के आंदोलन के बाद से ‘इंस्टाग्राम’ पर अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों दिलचस्प सवालों के जवाब दे रहे हैं और इसी क्रम में उनसे एक यूजर ने पूछा कि क्या वह ‘बैटमैन’ हैं।
 
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने इसका चुटीले अंदाज में जवाब देते हुए कहा, ‘‘इतना ही कहूंगा कि आज तक किसी ने मुझे और ‘बैटमैन’ को एक ही कमरे में साथ नहीं देखा है।’’
 
‘बैटमैन’ डीसी कॉमिक्स का एक काल्पनिक सुपरहीरो है, जिसे दुनिया के सबसे लोकप्रिय कॉमिक पात्रों में गिना जाता है।
 
राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार रात ‘जेन-जी’ (नयी पीढ़ी) के साथ संवाद बढ़ाने की पहल के तहत इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी एनीथिंग’ (मुझसे कुछ भी पूछिए) सत्र की शुरुआत की।
 
झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर गांधी ने कहा कि हर सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए।
 
पिछले महीने हुए छात्र आंदोलनों से जुड़े अपने पसंदीदा 'मीम' के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘मुझे लगता है कि आधी रात को प्रधानमंत्री आवास से जो वीडियो सामने आए, वे सबसे अच्छे थे। उनमें एक नये, घबराए हुए प्रधानमंत्री को दिखाया गया था।’’
 
बातचीत के दौरान पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुछ समय के लिए अपनी मां के पालतू फीमेल डॉग ‘नूरी’ को भी साथ लेकर आए।
 
जब उनसे पूछा गया कि ‘डॉग पैरेंट’ होने की सबसे अच्छी बात क्या है, तो उन्होंने कहा कि वह खुद ‘डॉग पैरेंट’ नहीं हैं, बल्कि उनकी मां के पास ‘नूरी’ नाम की डॉग है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं डॉग पैरेंट नहीं हूं। मेरा मानना है कि हम जानवरों और सभी जीवित प्राणियों के साथ इस धरती को साझा करते हैं। मुझे नहीं लगता कि हम उनके मालिक हैं। वे भी हमारे साथ इस धरती पर हैं और सम्मान, प्यार तथा स्नेह के हकदार हैं।’’
 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अपने पसंदीदा नेता के बारे में पूछे जाने पर गांधी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया, जिन्होंने 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था।