गर्मी को देखते हुए अगले साल 10 मार्च से शुरू हो सकता है आईपीएल : देवजीत सैकिया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-06-2026
IPL may start from March 10 next year considering the heat: Devjit Saikia
IPL may start from March 10 next year considering the heat: Devjit Saikia

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) देश के अधिकांश हिस्सों में मई में पड़ने वाली भीषण गर्मी से बचने के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को अगले साल से 10 मार्च से 15 मई तक आयोजित करने पर विचार कर रहा है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने पीटीआई को यह जानकारी दी।
 
उन्होंने हालांकि स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए मैचों की संख्या 74 ही रहेगी और इसे बढ़ाकर 94 नहीं किया जाएगा।
 
आईपीएल आमतौर पर मार्च के आखिरी सप्ताह में शुरू होता है और मई के अंत तक चलता है। सैकिया ने कहा कि आईपीएल को जल्दी शुरू करने से खिलाड़ी ही नहीं दर्शकों को भी फायदा होगा।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘इस साल आईपीएल 29 (28) मार्च को शुरू हुआ और 31 मई तक चला। हम इस पर चर्चा कर रहे हैं कि कि 15 मई के बाद टूर्नामेंट के अंतिम चरण में बारिश या मानसून से पहले के मौसम से व्यवधान पड़ने की आशंका बनी रहती है।’’
 
सैकिया ने कहा, ‘‘इसके अलावा तब तक मौसम काफी गर्म हो जाता है जो न तो खिलाड़ियों के लिए और ना ही दर्शकों के लिए बहुत अनुकूल है।’’
 
बोर्ड के सचिव ने कहा कि मई के अंतिम पखवाड़े में बढ़ते तापमान से निपटने के लिए टूर्नामेंट को दो सप्ताह पहले शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई के साथ-साथ हमारी आईपीएल संचालन परिषद में भी इस बात पर चर्चा चल रही है कि क्या हम टूर्नामेंट को मार्च के आखिर के बजाय थोड़ा पहले शुरू कर सकते हैं।’’