Indian women's hockey team has a chance to reach the podium in the World Cup: Goalkeeper Savita
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया का मानना है कि भारत की एफआईएच नेशंस कप की जीत ने महिला हॉकी टीम को आगामी विश्व कप में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों को चुनौती देने और पोडियम पर जगह बनाने का आत्मविश्वास और भरोसा दिया है।
सविता ने जियोस्टार से कहा, ‘‘एफआईएच नेशंस कप जीतना एक बड़ी उपलब्धि थी क्योंकि इसमें सभी शीर्ष टीमें शामिल थीं। इससे हमारा काफी मनोबल बढ़ा है और हमें यह आत्मविश्वास मिला है कि हम किसी भी टूर्नामेंट में पोडियम पर पहुंच सकते हैं।’’
इस अनुभवी खिलाड़ी का मानना है कि एफआईएच प्रो लीग में शीर्ष टीमों के खिलाफ भारत के अच्छे प्रदर्शन से यह भी साबित हो गया है कि टीम सर्वश्रेष्ठ टीमों को कड़ी चुनौती देने में सक्षम है।
उन्होंने कहा, ‘‘हाल के वर्षों में एफआईएच प्रो लीग के दौरान हमने अर्जेंटीना, नीदरलैंड और जर्मनी जैसी शीर्ष टीमों के खिलाफ करीबी मुकाबले खेले हैं। उन मैचों ने हमें दिखाया कि हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों का मुकाबला कर सकते हैं।’’