इंडियन गैस एक्सचेंज ने आईपीओ के लिए सेबी के पास दस्तावेज दाखिल किए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-07-2026
Indian Gas Exchange files papers with SEBI for IPO
Indian Gas Exchange files papers with SEBI for IPO

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
इंडियन गैस एक्सचेंज लिमिटेड (आईजीएक्स) ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए बाजार नियामक सेबी के समक्ष प्रारंभिक दस्तावेज दाखिल किए हैं।
 
आईजीएक्स, देश का पहला ऑनलाइन डिलीवरी-आधारित प्राकृतिक गैस कारोबार मंच है।
 
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष मंगलवार को दाखिल दस्तावेजों के अनुसार, प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित होगा। इसके तहत प्रवर्तक इंडियन एनर्जी एक्सचेंज लिमिटेड (आईईएक्स) 1.67 करोड़ तक शेयर बेचेगी।
 
आईपीओ के बिक्री पेशकश पर आधारित होने के कारण इससे आईजीएक्स को कोई राशि प्राप्त नहीं होगी। निर्गम से मिलने वाली पूरी राशि शेयर बेचने वाली कंपनी आईईएक्स को जाएगी।
 
आईपीओ दस्तावेजों के अनुसार, इस निर्गम का मुख्य उद्देश्य उसके शेयर को बाजार में सूचीबद्ध कराना है। कंपनी का मानना है कि इससे उसकी पहचान बढ़ेगी, ब्रांड छवि मजबूत होगी और उसके शेयर के लिए सार्वजनिक बाजार उपलब्ध होगा।
 
आईजीएक्स में इंडियन एनर्जी एक्सचेंज की 47 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है। नियामकीय प्रावधानों के अनुसार, उसे इसे घटाकर 25 प्रतिशत करना होगा।
 
आईजीएक्स का गठन नवंबर 2019 में आईईएक्स की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी के रूप में किया गया था। इसके इलेक्ट्रॉनिक गैस कारोबार मंच का उद्घाटन जून 2020 में हुआ और इसे दिसंबर 2020 में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) से गैस एक्सचेंज के रूप में परिचालन की औपचारिक मंजूरी मिली थी।