आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में बुधवार तड़के हल्की बारिश हुई और मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। मौसम केंद्र ने तड़के ढाई बजे से सुबह साढ़े पांच बजे के बीच बहुत मामूली बारिश भी दर्ज की।
पालम में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो एक दिन पहले की तुलना में 2.6 डिग्री कम है। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि रिज और आयानगर में यह क्रमशः 26.4 डिग्री और 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, आयानगर और नजफगढ़ में मंगलवार रात साढ़े 11 बजे से बुधवार तड़के ढाई बजे के बीच एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
विभाग ने बताया कि दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘दिनभर बादल छाए रहने के साथ बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है।’’
अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।