आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में बुधवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार पर पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिरने से पूर्व सरपंच की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, 60 वर्षीय मोहम्मद इकबाल तंत्रे अपनी कार से सेरी गांव से रामबन शहर जा रहे थे। इसी दौरान त्रिशूल मोड़ के निकट पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर लुढ़ककर उनकी कार पर आ गिरा।
रामबन थाना प्रभारी (एसएचओ) विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि बड़ा पत्थर तंत्रे के सिर पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि तंत्रे को तत्काल रामबन स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग विशेषकर मानसून के दौरान पहाड़ियों से पत्थर गिरने और भूस्खलन की घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील रहता है। अधिकारियों ने यात्रियों को ऐसे संवेदनशील हिस्सों से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
प्रादेशिक बनिहाल/जम्मू