भारत ने यूनान में यूपीआई सेवा शुरू की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-06-2026
India launches UPI service in Greece
India launches UPI service in Greece

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारत ने यूनान में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) सेवा शुरू कर दी है।
 
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि यह भारत के डिजिटल भुगतान तंत्र के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
 
भारत ने फ्रांस के नीस शहर स्थित प्रसिद्ध डिपार्टमेंटल स्टोर गैलेरी लाफायेत में कुछ सप्ताह पहले यूपीआई सेवा शुरू की थी। इससे पहले वर्ष 2024 में पेरिस स्थित एफिल टावर पर भी यूपीआई की शुरुआत की गई थी।
 
गोयल ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा कि यूनान में यूपीआई शुरू होने के बाद पात्र ग्राहक तुरंत, सुरक्षित एवं निर्बाध तरीके से धन हस्तांतरित कर सकेंगे। साथ ही, लेनदेन की लागत भी पारंपरिक धन हस्तांतरण की तुलना में काफी कम हो जाएगी।
 
मंत्री आधिकारिक यात्रा पर यूनान की राजधानी एथेंस में हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘ एथेंस स्थित यूरोबैंक मुख्यालय में यूरोबैंक-एनआईपीएल साझेदारी के तहत यूपीआई सेवा की शुरुआत का साक्षी बनकर खुशी हुई। इस अवसर पर यूरोबैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) फोकियन करावियास और फेयरफैक्स डिजिटल सर्विसेज के सीईओ संजय तुगनैत भी मौजूद रहे। यह भारत के डिजिटल भुगतान तंत्र के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।’’
 
गोयल ने कहा कि दुनिया भर में यूपीआई को मिल रही बढ़ती स्वीकार्यता और सराहना इस बात का प्रमाण है कि भारत ऐसी प्रौद्योगिकी आधारित समाधान विकसित कर रहा है, जो सीमाओं से परे भी मूल्य सृजित करते हैं और साझा विकास एवं समृद्धि के लिए साझेदारी को मजबूत बनाते हैं।
 
उन्होंने बताया कि अब यूनान, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका और कंबोडिया सहित 10 देशों में यूपीआई से लेनदेन किया जा रहा है। इससे भारतीय यात्री परिचित डिजिटल मंचों के माध्यम से विदेशों में भी आसानी से भुगतान कर पा रहे हैं।