मंच पर तस्वीर के दौरान असहज नजर आए ओपनएआई और एंथ्रोपिक के सीईओ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-02-2026
OpenAI and Anthropic CEOs appear uncomfortable during a photo op on stage
OpenAI and Anthropic CEOs appear uncomfortable during a photo op on stage

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मंच पर एक फोटो लेने के दौरान अमेरिका की दो प्रतिद्वंद्वी एआई कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के बीच एक असहज क्षण कैमरे में कैद हो गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद मंच पर मौजूद प्रौद्योगिकी दिग्गजों में ओपनएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सैम ऑल्टमैन, एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोडेई और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई शामिल थे।
 
समूह फोटो के दौरान मोदी ने अपने अगल-बगल खड़े पिचाई एवं ऑल्टमैन के हाथ उठाकर अन्य प्रतिभागियों से भी ऐसा करने का आग्रह किया। हालांकि, एक-दूसरे के बगल में खड़े ऑल्टमैन और अमोडेई ने हाथ मिलाने के बजाय मुट्ठियां उठाईं, जिससे शृंखला पूरी नहीं हो पाई। इस वक्त दोनों दिग्गजों को थोड़ा असहज भी देखा गया।
 
ऑल्टमैन वर्ष 2019 से अमेरिकी एआई शोध संगठन ओपनएआई के सीईओ हैं और उनके नेतृत्व में ही लोकप्रिय एआई टूल चैटजीपीटी को पेश किया गया। वहीं अमोडेई ने क्लॉड मॉडल के लिए मशहूर एआई कंपनी एंथ्रोपिक के सह-संस्थापक एवं सीईओ हैं।