ई20 ईधन नीति के खिलाफ मार्च से पहले मुझे नजरबंद किया गया : तहसीन पूनावाला

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-08-2026
I was put under house arrest before the march against the E20 fuel policy: Tehseen Poonawalla
I was put under house arrest before the march against the E20 fuel policy: Tehseen Poonawalla

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ई20 ईधन नीति के खिलाफ उनके प्रस्तावित एकल मार्च और भूख हड़ताल से पहले, दिल्ली पुलिस ने उन्हें ग्रेटर कैलाश में बिना किसी लिखित आदेश के नजरबंद कर दिया।

पूनावाला ने 27 जुलाई को घोषणा की थी कि वह एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग से तीस जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति तक — जहां महात्मा गांधी की हत्या हुई थी — अकेले पैदल जाएंगे और शुक्रवार को इस नीति के विरोध में दिन भर की भूख हड़ताल करेंगे।
 
अपने ‘एक्स’ खाते पर कई वीडियो साझा करते हुए पूनावाला ने दावा किया कि सुबह करीब 9.30 बजे, यानी मार्च के लिए निकलने से लगभग आधे घंटे पहले, दिल्ली पुलिस के कई जवान - जिनमें महिला अधिकारी भी शामिल थीं - उनके घर पहुंचे और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया।
 
उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने के लिए न तो कोई आदेश दिखाया और न ही कोई दस्तावेज दिया। पूनावाला ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उनसे कहा कि वे उन्हें जाने से इसलिए रोक रहे हैं, क्योंकि मार्च में हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद थी।
 
एक वीडियो में पूनावाला को एक पुलिस अधिकारी से यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि उन्हें बिना किसी लिखित आदेश के कैसे हिरासत में लिया जा सकता है।
 
उन्होंने अधिकारी से कहा, “कोई कागजात नहीं, कुछ भी नहीं। मैं घर में नजरबंद हूं...आजादी के 15 दिन पहले आप मुझे हिरासत में ले रहे।”
 
पुलिस अधिकारी ने जवाब दिया कि प्रस्तावित मार्च से कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती थी और उन्होंने पूनावाला से सहयोग करने को कहा।