आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक छात्र कार्यकर्ता के पिता पर कथित हमले के मामले में गिरफ्तार हिंदुत्व इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को अदालत द्वारा तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत दिये जाने के तीन दिन बाद बृहस्पतिवार देर रात तिहाड़ जेल से रिहा किया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक वीडियो सामने आया है जिसमें भारद्वाज को जेल के बाहर इंतजार कर रही कार की ओर तेजी से बढ़ते हुए देखा जा सकता है। वह अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर वहां से निकल गया।
दिल्ली की एक अदालत ने 15 सितंबर को भारद्वाज को तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत देते हुए कहा कि इस अवधि के दौरान उसके व्यवहार पर नजर रखी जाएगी और उसके बाद नियमित जमानत की अर्जी पर विचार किया जाएगा।
सत्र न्यायाधीश ने राहत देते हुए कई शर्तें लगाईं, जिनमें सोशल मीडिया या किसी भी मीडियाम मंच पर केस, अपने बचाव या शिकायतकर्ता के परिवार के बारे में पोस्ट करने या चर्चा करने पर रोक लगाना शामिल है।