ममता नीत तृणमूल कांग्रेस ने पसंद के नाम और चुनाव चिह्न निर्वाचन आयोग को जमा किए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-09-2026
Mamata-led Trinamool Congress submits choice of names and symbols to Election Commission
Mamata-led Trinamool Congress submits choice of names and symbols to Election Commission

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग के उस अंतरिम आदेश पर अपना जवाब सौंपा है, जिसमें पश्चिम बंगाल में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनावों के लिए मतपत्र से ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और उसके 'दो फूल और घास’ वाले चुनाव चिह्न को अस्थायी रूप से हटा दिया गया है।
 
सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने बृहस्पतिवार रात 11:36 बजे आयोग को आगामी चुनावों के लिए नए नामों और चुनाव चिह्नों के अपने विकल्प ईमेल के जरिए भेजे और उन्हें ‘कड़े विरोध के तहत’ जमा किया।
 
बृहस्पतिवार रात जारी अपने अंतरिम आदेश में, निर्वाचन आयोग ने ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ को लेकर विवाद में शामिल दोनों पक्षों को निर्देश दिया कि वे आगामी पश्चिम बंगाल उपचुनावों के लिए पार्टी के नाम और उसके ‘दो फूल और घास’ वाले चुनाव चिह्न का इस्तेमाल न करें। आयोग ने उनसे शुक्रवार सुबह तक अपनी पसंद के नाम और चुनाव चिह्न बताने को कहा।
 
आयोग ने कहा कि प्रस्तावित नाम ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ से मिलता-जुलता हो सकता है, और चुनाव चिह्न निर्दलीय उम्मीदवारों और पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के लिए अधिसूचित खाली या उपलब्ध चुनाव चिह्नों की सूची में से चुना जाना चाहिए।