Himanta appeals for peace at Assam-Arunachal border, says borders cannot divide hearts
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम-अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर एक और झड़प की सूचना के बाद मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी सीमा लोगों के दिलों को नहीं बांट सकती जो पीढ़ियों से भाई-बहन की तरह साथ रह रहे हैं।
अरुणाचल प्रदेश की सीमा से सटे असम के धेमाजी जिले में प्रदर्शनकारियों के बीच फिर से झड़प हुई। भीड़ को काबू में करने के लिए पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश की पुलिस ने हवा में गोली चलाई जबकि असम में दूसरे दिन भी अनिश्चितकालीन आर्थिक नाकेबंदी जारी है।
शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं असम और अरुणाचल के लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करता हूं। सीमाएं हमारे राज्यों को तय कर सकती हैं लेकिन वे कभी भी हमारे दिलों को नहीं बांट सकतीं।’’
अरुणाचल प्रदेश के अपने समकक्ष पेमा खांडू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर के इन दो राज्यों के बीच ऐसा रिश्ता है जो सीमाओं से कहीं आगे है।
उन्होंने कहा, ‘‘पीढ़ियों से दोनों राज्यों के लोग प्यार, स्नेह और आपसी सम्मान के बंधन में बंधकर भाई-बहन की तरह रहे हैं।’’
शर्मा ने इस बात पर जोर दिया कि हाल के वर्षों में दोनों राज्यों ने बातचीत और दोस्ती के जरिए अपने अधिकतर सीमा विवाद सुलझा लिए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अब सिर्फ 52 गांव बचे हैं और दोनों राज्यों की सरकारें इस विवाद को पूरी तरह सुलझाने के लिए इसी भावना के साथ बातचीत जारी रखेंगी।’’