Higher Education Secretary reviews infrastructure and administrative arrangements at the new NTA office
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उच्च शिक्षा सचिव दीप्ति गौड़ मुखर्जी ने शनिवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के नए कार्यालय में बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की। शिक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
इस साल की शुरुआत में नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक और प्रशासनिक खामियों को लेकर उठे विवाद के बाद एनटीए ने हाल में अपना कामकाज नए कार्यालय में स्थानांतरित किया है। साथ ही पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों को तैनात किया गया है।
प्रश्नपत्र लीक होने की घटना के बाद देशभर में छात्रों ने प्रदर्शन किए थे और इसके चलते तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया था।
शिक्षा मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की सचिव दीप्ति गौड़ मुखर्जी ने एनटीए के नए कार्यालय का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने एनटीए के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की, कामकाज से जुड़ी सुविधाओं का निरीक्षण किया और आगामी परीक्षाओं के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए नए बुनियादी ढांचे तथा प्रशासनिक व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की।’’
शिक्षा मंत्रालय के तहत 2017 में निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षाएं आयोजित करने के लिए स्थापित एनटीए अब तक ओखला स्थित अपने कार्यालय से कामकाज कर रहा था।