आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के बीच शनिवार को इडुक्की और कोट्टायम जिलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य लोगों को बचाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रशासन के अनुसार, मृतकों में इडुक्की जिले के कुडयाथूर के निकट अडूरमाला क्षेत्र की रहने वाली सुमति शामिल हैं। शनिवार तड़के हुए भूस्खलन का मलबा उनके घर पर आ गिरा, जिससे उनकी मौत हो गई।
पड़ोसियों ने उसके पति रवि और बेटे रथीश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को चोटें आयीं और उन्हें थोडुपुझा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन में उनका मकान पूरी तरह तबाह हो गया।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन एवं बचाव सेवा, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के तलाशी अभियान के बाद सुमति का शव बरामद किया गया।
कोट्टायम जिले के पूनजार के पय्यानिथोट्टम क्षेत्र में हुए भूस्खलन में एक युवक की मौत हो गई और उसकी मां की मलबे में दबने से मौत हो गयी।
अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान जोसेफ (24) और उसकी मां रेजिना जॉनी (46) के रूप में की गयी है।
अधिकारियों ने बताया कि जोसेफ को मलबे से निकाल लिया गया था, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। रेजिना का शव सुबह करीब साढ़े 10 बजे बरामद किया गया।
एक अन्य घटना में, इडुक्की जिले के वागामोन क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से प्रभाकरन नायर (77) नामक व्यक्ति की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि कोट्टायम जिले के वाइकोम निवासी नायर अपने एक रिश्तेदार के घर के एक शयनकक्ष में सो रहे थे, तभी भूस्खलन हुआ।
उन्होंने बताया कि कई घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद उनका शव बरामद किया गया।