आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने ब्राजील और मेक्सिको के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। इन दोनों देशों पर अमेरिका की ओर से अपनाई गई शुल्क नीति का काफी असर पड़ा है।
गोयल ने बुधवार को विस्कॉन्सिन के मिल्वॉकी में जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से इतर ब्राजील के व्यापार मंत्री मार्सियो फर्नांडो एलियास रोजा और विदेश मंत्री माउरो विएरा से मुलाकात की।
मंत्री ने मेक्सिको के अर्थव्यवस्था मंत्री मार्सेलो एब्रार्ड के साथ भी व्यापार और निवेश संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग बढ़ाने के मुद्दे पर चर्चा की।
मेक्सिको के मंत्री के साथ अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारत-मेक्सिको व्यापार एवं निवेश संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए गहरे सहयोग की अपार संभावनाओं और नए रास्ते तलाशने पर चर्चा की।’’
ब्राजील के नेताओं के साथ हुई बातचीत में भारत-मर्कोसुर तरजीही व्यापार समझौते के विस्तार, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने तथा जी-20 और विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया।
मर्कोसुर, दक्षिण अमेरिका का एक प्रमुख क्षेत्रीय व्यापारिक एवं आर्थिक संगठन है।
ब्राजील और मेक्सिको दोनों ही अमेरिकी प्रशासन द्वारा लगाए गए व्यापार शुल्क का सामना कर रहे हैं।
अमेरिका द्वारा जुलाई 2026 में मौजूदा स्वरूप में अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा समझौते (यूएसएमसीए) को आगे नहीं बढ़ाने के फैसले और मेक्सिको से आयात पर अमेरिकी शुल्क कार्रवाई जारी रहने से उत्तरी अमेरिका के कुछ कारोबारियों तथा नीति निर्माताओं के बीच आर्थिक अनिश्चितता बढ़ी है।