Good governance is strengthened by simple Hindi and transparent system: Jharkhand Official Language Secretary
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग के सचिव प्रवीण टोप्पो ने सोमवार को कहा कि सरल हिंदी का प्रयोग और पारदर्शी व्यवस्था का होना सुशासन को मजबूत करने में काफी मददगार साबित होता है।
टोप्पो ने हिंदी दिवस पर यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब सरकारी कामकाज में इस्तेमाल की जाने वाली भाषा आम जनता को आसानी से समझ आती है, तो कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक सुगमता से पहुंचता है।
हिंदी दिवस हर साल 14 सितंबर को मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने हिंदी को आधिकारिक भाषा के तौर पर अपनाया था।
टोप्पो ने कहा, ‘‘सरल हिंदी, आसान प्रक्रियाएं और पारदर्शी व्यवस्था सुशासन की असली पहचान हैं। कार्यालयों में अनावश्यक जटिल शब्दों और प्रक्रियाओं को कम करके नागरिकों के लिए काम आसान बनाया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से पारदर्शिता बढ़ रही है और यह सुनिश्चित हो रहा है कि हर निर्णय व प्रक्रिया स्पष्ट और जवाबदेह हो।