आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भाजपा की केरलम इकाई के प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन संबंधी रात्रिभोज व्यंजन सूची की आलोचना किए जाने पर सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल के पास भारत के भू-राजनीतिक भविष्य के लिए ‘‘कोई दृष्टिकोण नहीं’’ है और वह वैश्विक कूटनीति को केवल ‘‘भोजन की निंदा’’ तक सीमित कर रहा है।
चंद्रशेखर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जहाँ दुनिया के कुछ सबसे ताकतवर नेता सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और आपूर्ति शृंखला पर चर्चा करने नयी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में जुटे, वहीं कांग्रेस और उसके ‘इंडिया’ गठबंधन सहयोगियों ने शाकाहारी रात्रिभोज व्यंजन सूची को लेकर शिकायत की।
उन्होंने कहा, ‘‘जब आपके पास भारत के भू-राजनीतिक भविष्य के लिए कोई दृष्टिकोण नहीं होता, तो आप वैश्विक कूटनीति को व्यंजन की आलोचना तक सीमित कर देते हैं। दुनिया के सबसे ताकतवर नेता सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और आपूर्ति शृंखला पर चर्चा करने के लिए नयी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में जुटे। कांग्रेस/माकपा के ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए सबसे बड़ी बात क्या रही? शाकाहारी रात्रिभोजन व्यंजन सूची के बारे में शिकायत।’’