gatherings have been banned in Pakistan's Punjab region until September 17.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संघीय राजधानी में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले पूरे प्रांत में 17 सितंबर तक सभी प्रकार की सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने 27 सितंबर को इस्लामाबाद की ओर प्रस्तावित विरोध मार्च के लिए समर्थन जुटाने के वास्ते सोमवार से पंजाब के 13 शहरों का दौरा करने की घोषणा की थी।
पंजाब के गृह विभाग ने रविवार को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत पूरे प्रांत में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर 17 सितंबर तक रोक लगा दी।
सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के प्रदर्शन और गैरकानूनी जमावड़े को उकसाने वाली मानी जाने वाली हर तरह की गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि विवाह, अंतिम संस्कार, धार्मिक आयोजनों, अदालती कामकाज और सरकारी कार्यों से संबंधित सभाओं को इससे छूट दी गई है।
इस्लामाबाद और पड़ोसी रावलपिंडी में प्राधिकारी, खान की पार्टी के विरोध प्रदर्शन को विफल करने के लिए कदम उठा रहे हैं। प्रदर्शन से पहले मुख्य सड़कों और राजमार्गों पर अवरोधक लगाने के लिए मालवाहक कंटेनर रखे गए हैं।
समाचार पत्र ‘डॉन’ के अनुसार, संघीय सरकार ने इस्लामाबाद की सुरक्षा के लिए पंजाब से 15,000 पुलिसकर्मी उपलब्ध कराने को भी कहा है। सिंध से 8,000 और बलूचिस्तान से 500 पुलिसकर्मी बुलाए जाएंगे। इस तरह कुल 23,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती 20 सितंबर तक किए जाने की योजना है।