आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल राज्य सड़क परिवहन निगम ने उन बस श्रेणी की लिस्ट जारी की है, जिनमें 15 जून से प्रियदर्शिनी योजना के तहत महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सूची के अनुसार, महिलाएं और ट्रांसजेंडर व्यक्ति केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) द्वारा संचालित सात श्रेणी की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।
इस योजना के तहत ऑर्डिनरी, सिटी ऑर्डिनरी, लिमिटेड स्टॉप ऑर्डिनरी, फेयर-स्टेज ऑर्डिनरी, टाउन-टू-टाउन, पॉइंट-टू-पॉइंट और ग्रामवंडी सर्विस शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को इस योजना के तहत आने वाली बसों की पहचान करने में मदद के लिए इनपर स्टिकर लगाए जाएंगे।
यह योजना उन पांच गारंटी में से एक है जिनकी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान घोषणा की थी। तिरुवनंतपुरम में मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन 15 जून को इसकी शुरुआत करेंगे।
योजना को लागू करने में हुए व्यय की भरपाई केएसआरटीसी को सरकार द्वारा की जाएगी।