विदेश सचिव विक्रम मिसरी पश्चिम एशिया संकट के बीच फ्रांस, जर्मनी की यात्रा पर जाएंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-04-2026
Foreign Secretary Vikram Misri to visit France, Germany amid West Asia crisis
Foreign Secretary Vikram Misri to visit France, Germany amid West Asia crisis

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ऊर्जा, व्यापार और रक्षा से जुड़ी उच्च स्तरीय वार्ताओं के लिए रविवार से पेरिस और बर्लिन की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। यह यात्रा पश्चिम एशिया में जारी संकट की पृष्ठभूमि में हो रही है।
 
फ्रांस और जर्मनी की यह यात्रा उनकी अमेरिका यात्रा के बाद हो रही है, जहां उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के अलावा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी।
 
पश्चिम एशिया संकट और उसका ऊर्जा सुरक्षा पर प्रभाव पेरिस और बर्लिन में होने वाली वार्ताओं में प्रमुख मुद्दा रहेगा।
 
विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि पेरिस में विदेश सचिव फ्रांस के विदेश मंत्रालय के महासचिव मार्टिन ब्रिएंस के साथ भारत-फ्रांस विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे।
 
उसने बताया कि दोनों नेता रक्षा, असैन्य परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष, साइबर और डिजिटल क्षेत्र, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वैश्विक और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर भी विचार-विमर्श होगा।
 
बर्लिन में विदेश सचिव मिसरी जर्मन विदेश कार्यालय के सचिव गेजा आंद्रेयास वॉन गेय्र के साथ भारत-जर्मनी विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे।
 
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि इन वार्ताओं में व्यापार और निवेश, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा, विकास सहयोग, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों के साथ-साथ आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
 
मिसरी के पेरिस और बर्लिन में अन्य गणमान्य व्यक्तियों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से भी मुलाकात करने की संभावना है।