मुंबई के 6 रेस्तरां पर एफडीए की कार्रवाई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-06-2026
FDA takes action against 6 restaurants in Mumbai
FDA takes action against 6 restaurants in Mumbai

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने छापेमारी के दौरान गंदी रसोई, उपयोग के लिहाज से तय समय-सीमा पार कर चुके खाद्य पदार्थ और गलत लेबल वाले उत्पाद मिलने के बाद दक्षिण मुंबई के पॉश इलाके में स्थित एक रेस्तरां समेत कुल छह रेस्तरां और होटलों के खाद्य कारोबार लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई राज्यव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत पॉश नरीमन पॉइंट इलाके के रेस्तरां ‘फ्लिंट एंड वारसा’ और पूर्वी व पश्चिमी उपनगरों के होटल, रेस्तरां और बेकरी समेत पांच अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ की गई।
 
एफडीए की ओर से जारी एक बयान के अनुसार अधिकारियों ने 27 जून को ‘फ्लिंट एंड वारसा’ का निरीक्षण किया और ‘गलत लेबल वाले’ उत्पाद मिलने पर जांच के लिए उन्होंने पांच नमूने लिए और 11,350 रुपये का सामान जब्त किया।
 
बयान के अनुसार, टीम को 16,201 रुपये का ऐसा सामान भी मिला जिसके इस्तेमाल की अवधि समाप्त हो चुकी थी इसलिए उन्होंने उस सामान को वहीं नष्ट कर दिया। ।
 
एफडीए ने सोमवार को बोरीवली, सांताक्रूज, अंधेरी, बांद्रा और भांडुप में कई स्थानों में छापेमारी की, जहां अधिकारियों को कॉकरोच और चूहे मिले, साथ ही खाद्य सामग्री रखने वाले स्थान पर गंदगी मिली।
 
बयान में कहा गया है कि इन प्रतिष्ठानों के पास जरूरी दस्तावेज नहीं थे और कर्मचारियों का अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण भी नहीं हुआ था।
 
साफ-सफाई में भारी कमियों, खराब संग्रहण और ग्राहकों की शिकायतों के समाधान के लिए कोई व्यवस्था न होने के कारण इन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए।
 
एफडीए के मुताबिक 26 जून से 28 जून के बीच महाराष्ट्र भर में 31 छापे मारे गए, जिनके दौरान पान मसाला और गुटखा समेत 34.87 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों की बिक्री, वितरण और परिवहन के सिलसिले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया, एक प्रतिष्ठान को सील किया गया और तीन वाहन जब्त किए गए।