ED's allegations against me are like "old charges in a new script": Pinarayi Vijayan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने शनिवार को सीएमआरएल मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नए आरोपों को ‘‘नयी पटकथा में पुराने आरोप’’ जैसा करार दिया।
ईडी ने हाल ही में राज्य पुलिस प्रमुख रवाडा ए चंद्रशेखर को पत्र भेजकर विजयन, उनकी बेटी और उनके परिवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया था। यह अनुरोध धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच और छापेमारी के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर किया गया।
ईडी ने आरोप लगाया है कि ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ (सीएमआरएल) ने ‘‘आईटी परामर्श सेवाओं’’ के नाम पर विजयन की बेटी वीणा टी की कंपनी (अब बंद हो चुकी) एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया।
माकपा के वरिष्ठ नेता विजयन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि ईडी द्वारा लगाए गए आरोपों की प्रकृति में अब बड़ा बदलाव आया है।
विजयन ने कहा कि पहले आरोप यह था कि एक्सालॉजिक को बिना सेवाएं दिए पैसे मिलने के कारण सीएमआरएल को वित्तीय नुकसान हुआ और इसी आधार पर जांच तथा छापेमारी की गई थी।