'Seva Sankalp Abhiyan' to begin in UP on Prime Minister Modi's birthday: Yogi Adityanath
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राज्य में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में योगी ने पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में मोदी की यात्रा पूरे देशवासियों को नए भारत का दर्शन कराती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उनके कार्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए भाजपा और सरकार मिलकर सेवा कार्यक्रमों को प्रदेश, जिले से लेकर बूथ स्तर तक आगे बढ़ाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री की इस यात्रा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘अंत्योदय’ का विचार और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ‘ग्राम स्वराज’ की अवधारणा भी शामिल है, जो ‘आत्मनिर्भर भारत-विकसित भारत’ की संकल्पना को आगे बढ़ाते हैं। मोदी की कोई वंश परंपरा नहीं थी, उनके साथ कोई विरासत नहीं जुड़ी थी, लेकिन उनकी साधना, तप और देश के लिए कुछ कर गुजरने की चाहत का लाभ पूरे देश को मिल रहा है।’’
योगी ने एक महीने तक आयोजित किये जाने वाले ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं के केंद्रों, राशन दुकानों, गैस वितरण केंद्रों, धार्मिक स्थलों और गंगा तट समेत विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे।
आदित्यनाथ ने इसके अलावा ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘सेवा : मेरा योगदान’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के संग-राष्ट्र के रंग’, रक्तदान शिविर आदि कार्यक्रमों की जानकारी दी।