महाराष्ट्र में हिंगोली जिले के कई हिस्सों में 4.7 तीव्रता के भूकंप के झटके, कोई हताहत नहीं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-04-2026
Earthquake of magnitude 4.7 jolts several parts of Hingoli district in Maharashtra, no casualties reported
Earthquake of magnitude 4.7 jolts several parts of Hingoli district in Maharashtra, no casualties reported

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
महाराष्ट्र में मराठवाड़ा क्षेत्र के हिंगोली जिले के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह 4.7 तीव्रता का भूकंप आया, जबकि पड़ोसी नांदेड़ और परभणी जिलों के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है।
 
हिंगोली के जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया कि पांगरा शिंदे गांव में कुछ घरों और सामुदायिक भवनों में दरारें आ गई हैं।
 
नांदेड़ जिला अधिकारियों ने राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई, जो सुबह 8:45 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र हिंगोली जिले में वसमत तालुक के शिरली गांव में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
 
अधिकारियों ने बताया कि नांदेड़ शहर और उसके ग्रामीण क्षेत्रों अर्धापुर, हादगांव और हिमायतनगर तालुक के साथ-साथ परभणी जिले के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किए गए।
 
हालांकि, प्रभावित जिलों में कहीं से भी जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन कुछ स्थानों पर मामूली ढांचागत नुकसान की सूचना मिली है।
 
गुप्ता ने कहा, ‘‘मुझे हिंगोली जिले में पांगरा शिंदे गांव के घरों और सामुदायिक भवनों में आई दरारों की तस्वीरें मिली हैं। हमारी टीम मौके पर जा रही हैं ताकि स्थिति का आकलन किया जा सके और नुकसान का सही आकलन किया जा सके।’’
 
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। एहतियात के तौर पर नांदेड़ और परभणी में आपातकालीन टीम तैयार रखी गई हैं।