District Collectors should regularly monitor the status of roads under construction: Chief Minister
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के सभी जिलों के कलेक्टर को जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करने और आवश्यकता के अनुसार स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने सभी जिलों के कलेक्टर को निर्देश दिये कि वे संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों से समन्वय कर सुनिश्चित करें कि सड़कें आवागमन योग्य बनी रहें।
साय ने सभी जिलों के कलेक्टर से कहा है कि बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। जहां सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव अथवा अन्य किसी कारण से आवागमन प्रभावित होने या दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार चेतावनी संकेतक, अवरोधक और सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां निर्माण कार्य प्रगति पर हैं अथवा बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां गड्ढों को भरने, समतलीकरण, जल निकासी सहित सभी आवश्यक अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। स्थायी निर्माण में मौसम संबंधी व्यावहारिक कठिनाइयां होने पर भी सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए हर आवश्यक उपाय सुनिश्चित किया जाए।