दिल्ली की मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-07-2026
Delhi CM unveils Commonwealth Table Tennis Championship mascot 'Mayur'
Delhi CM unveils Commonwealth Table Tennis Championship mascot 'Mayur'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में इस महीने के अंत में होने वाली राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के लिए मंगलवार को आधिकारिक शुभंकर 'मयूर' का अनावरण किया।
 
चैंपियनशिप 27 जुलाई से दो अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जिसमें राष्ट्रमंडल के 25 देशों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
 
शुभंकर अनावरण समारोह में दिल्ली के शिक्षा और खेल मंत्री आशीष सूद, राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस महासंघ के अध्यक्ष विवेक कोहली और भारतीय टेबल टेनिस महासंघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी, कोच और अन्य अतिथि भी उपस्थित थे।
 
गुप्ता ने कहा कि 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया।
 
उन्होंने कहा, “हमारे राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित यह शुभंकर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऊर्जा और विविधता का सजीव प्रतीक है।”
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 जुलाई से दो अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में 25 से अधिक देशों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
 
उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक दिल्लीवासी के लिए गर्व का अवसर है और पूरी दुनिया दिल्ली की खेल भावना, उत्कृष्ट आयोजन क्षमता और आत्मीय मेजबानी की साक्षी बनेगी।
 
सूद ने कहा कि यह आयोजन दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत के केंद्र में ला खड़ा करेगा और शहर के लिए एक बहुत बड़ी यात्रा की शुरुआत का प्रतीक होगा।
 
मंत्री ने कहा,‘‘मयूर' आत्मविश्वास, उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प, खेल कौशल और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि मोर भारतीय परंपरा में गर्व, ऊर्जा और सुंदरता का प्रतीक है।’