आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुंबई के साकीनाका में हुए भूस्खलन के मलबे से बृहस्पतिवार को 28 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के अगले दिन तलाश एवं बचाव अभियान के दौरान एक व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि व्यक्ति की पहचान सद्दाम वजीर अली खान के रूप में हुई जिसे महानगरपालिका के राजवाडी अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने खान को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि इसी के साथ इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गयी है।
अधिकारियों के अनुसार बाद में तलाश एवं बचाव अभियान बंद कर दिया गया है। हालांकि अग्निशमन विभाग एवं नागरिक प्रशासन के दल मलबा हटाने में जुटे हैं।
भूस्खलन में घायल हुए सात अन्य लोगों का इलाज नगर निगम के अस्पतालों में चल रहा है।
बुधवार तड़के भारी बारिश के बाद भूस्खलन के कारण मुंबई के पूर्वी उपनगर साकीनाका के अशोक नगर में पास की एक छोटी पहाड़ी से मिट्टी और बड़े पत्थर झुग्गियों पर गिर पड़े थे।
घटनास्थल पर खोज और बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग और बृहन्मुंबई महानगरपालिका शामिल थे।
घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण यह अभियान चुनौतीपूर्ण रहा, जिससे भारी मशीनों का इस्तेमाल भी सीमित हो गया।