Government committed to planned and long-term development of Bihar tourism: Kedar Gupta
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र के योजनाबद्ध, समावेशी और दीर्घकालिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य की ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक तथा प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण करते हुए उन्हें आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से सुसज्जित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
गुप्ता सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संवाद कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी के पुनौराधाम स्थित मां सीता जन्मस्थली मंदिर का निर्माण कार्य दिसंबर 2028 तक पूरा होने की संभावना है।
मंत्री ने कहा पर्यटन विभाग राज्य के धार्मिक, सांस्कृतिक और विरासत-आधारित पर्यटन को नयी पहचान देने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है।
पुनौराधाम स्थित मां सीता जन्मस्थली के समग्र विकास, सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र के उन्नयन तथा राजगीर, वाल्मीकिनगर, फुलहर, सिंहेश्वर, कुशेश्वरस्थान, पटना हाट और पटना साहिब समेत विभिन्न प्रमुख स्थलों पर पर्यटन अवसंरचना का विकास किया जा रहा है।