स्पेन खिताब का दावेदार, इंग्लैंड-अर्जेंटीना सेमीफाइनल को लेकर विशेषज्ञों की राय बंटी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-07-2026
Spain are title contenders, with experts divided on the England-Argentina semi-final.
Spain are title contenders, with experts divided on the England-Argentina semi-final.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के अनुसार स्पेन अपने अनुशासित खेल, मजबूत रक्षण और मैच के दौरान परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की काबिलियत की बदौलत फीफा विश्व कप का सबसे प्रबल दावेदार है लेकिन बुधवार को इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच होने वाले सेमीफाइनल को लेकर विशेषज्ञों की राय अलग-अलग है।
 
स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ उसने टूर्नामेंट में अपना शानदार रक्षात्मक रिकॉर्ड भी कायम रखा। सात मैच में स्पेन ने महज एक गोल गंवाया है जबकि छह में क्लीन शीट रही।
 
फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एमबाप्पे और उस्मान डेम्बेले पूरे मैच में असर नहीं छोड़ सके। स्पेन ने मजबूत रक्षण और शानदार मिडफील्ड खेल के दम पर मैच पर नियंत्रण बनाए रखा।
 
पूर्व भारतीय कप्तान और ध्यानचंद पुरस्कार विजेता शब्बीर अली ने कहा कि स्पेन का मैच की शुरुआत से ही फ्रांस की लय बिगाड़ना उसकी जीत में अहम रहा।
 
उन्होंने पीटीआई से कहा, ‘‘स्पेन ने फ्रांस के मिडफील्ड को डेम्बेले और एमबाप्पे के लिए मौके बनाने ही नहीं दिए। जैसे ही स्पेन ने मिडफील्ड पर नियंत्रण किया, पूरे मैच में वही हावी रहा। ’’